फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

उल्टारथ शोभायात्रा और एसएफआई रैली को लेकर पुलिस अलर्ट

आज महानगर में ट्रैफिक हो सकती है प्रभावित

कोलकाता : महानगर में शुक्रवार को एक ही मार्ग से दो बड़े कार्यक्रमों के आयोजन को देखते हुए कोलकाता पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। एक ओर जहां उल्टारथ के अवसर पर धार्मिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, वहीं दूसरी ओर प्रश्नपत्र लीक मामले के विरोध में वामपंथी छात्र संगठन एसएफआई की ओर से विरोध रैली आयोजित की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उल्टारथ की शोभायात्रा दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू होगी, जबकि एसएफआई की विरोध रैली लगभग 2:30 बजे एसएन बनर्जी रोड से होकर गुजरेगी। दोनों कार्यक्रमों का मार्ग एक ही होने के कारण पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है। लालबाजार के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस की ओर से एसएफआई नेतृत्व से रैली की तारीख बदलने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, संगठन ने इसे स्वीकार नहीं किया और तय कार्यक्रम के अनुसार ही रैली निकालने का फैसला किया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि उल्टारथ की शोभायात्रा एक पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है, इसलिए इसे निर्धारित समय पर ही आयोजित किया जाएगा। दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए एसएन बनर्जी रोड और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। लालबाजार की ओर से सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी तरह से शांति भंग करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए भी विशेष योजना तैयार की है।

SCROLL FOR NEXT