शुक्रवार को पूजा पंडाल का निरीक्षण करते कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा 
कोलकाता सिटी

महालया से ही ‘एक्शन मोड’ में रहेगी पुलिस

शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर ने विभिन्न पूजा पंडालों का किया निरीक्षण

कोलकाता : दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर कोलकाता पुलिस ने इस बार महालया से ही कमान संभालने का फैसला किया है। शहर में पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर मनोज वर्मा ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि आम नागरिक की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शुक्रवार को महानगर के विभिन्न पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि पूजा आयोजकों, कोलकाता नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सीईएससी और बंदरगाह प्राधिकरण सहित तमाम संबंधित एजेंसियों के साथ कई दौर की बैठकें की गई हैं। उन्होंने कहा, ‘पूरे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। बड़ी पूजा समितियों के क्षेत्रों में भीड़ नियंत्रण को लेकर अलग से व्यवस्था की जा रही है।’

दुर्गा पूजा पर भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर कोलकाता पुलिस ने कसी कमर

पूजा के दौरान शहरभर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। खासतौर पर रात के समय सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आयुक्त वर्मा ने बताया कि रात 2 बजे से सुबह 6 बजे तक अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी। इस बार साइबर सिक्यूरिटी पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। हर जगह साइबर अपराध के प्रति जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। हालांकि, इस बार मौसम पूजा में खलल डाल सकता है। मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की चेतावनी दी है, जो 25 सितंबर के बाद प्रभाव में आ सकता है। संभावना जताई जा रही है कि यह दबाव ओडिशा तट की ओर केंद्रित रहेगा, जिससे बंगाल को कुछ राहत मिल सकती है। लेकिन अगर बारिश के दौरान भीड़ उमड़ती है, तो पुलिस की जिम्मेदारियाँ और बढ़ जाएँगी। कोलकाता पुलिस ने हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का भरोसा दिलाया है। आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई है ताकि दुर्गा पूजा का यह उत्सव शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।

SCROLL FOR NEXT