कोलकाता : विधानसभा चुनाव की दृष्टि से केंद्रीय बलों की सुचारु तैनाती और संचालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस कमिश्नर अजय नंदा ने केंद्रीय बलों के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय बलों के कमांडेंट और अन्य अधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने केंद्रीय बलों से उनकी कोलकाता में उपस्थिति, यातायात, रूट मार्च और अन्य संचालन में किसी भी प्रकार की समस्या के बारे में पूछा। केंद्रीय बलों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें फिलहाल कोई कठिनाई नहीं हो रही है। वर्तमान में कोलकाता में 30 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनात हैं और जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएगा और बलों को तैनात किया जाएगा। बैठक में डिविजनल डीसी समेत केंद्रीय बलों के कमांडेंट के बीच मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान भी किया गया। पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस कमिश्नर ने बैठक में यह संदेश भी स्पष्ट किया कि इस बार का चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होना चाहिए और इसके लिए पुलिस और केंद्रीय बलों को संयुक्त रूप से काम करना होगा।