कोलकाता : आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कोलकाता पुलिस मुख्यालय लालबाजार ने सख्त कदम उठाए हैं। शहर के प्रत्येक थाने से उनके क्षेत्र के सबसे कुख्यात और दागी अपराधियों की सूची मांगी गई है। सूत्रों के अनुसार, चुनाव से पहले पुलिस हर बार ‘ट्रबल मेकर’ (संभावित उपद्रवी) की सूची तैयार करती है। ऐसे लोग, जो मतदान से पहले या मतदान के दौरान अशांति फैला सकते हैं, उनकी पहचान कर संबंधित थानों द्वारा सूची चुनाव आयोग को भेजी जाती है। इसी आधार पर निगरानी बढ़ाई जाती है और जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी की जाती है। पहले ही थानों और खुफिया विभाग की मदद से ‘ट्रबल मेकर’ की सूची तैयार की जा चुकी है। अब लालबाजार ने निर्देश दिया है कि इस सूची में से ही हर थाना अपने क्षेत्र के 10 ‘सबसे कुख्यात’ अपराधियों का चयन करे। इन नामों को संबंधित डिविजन के डीसी के माध्यम से लालबाजार भेजा जाएगा, जहां से अंतिम सूची चुनाव आयोग को सौंपी जाएगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हाल ही में दक्षिण कोलकाता के कुख्यात अपराधी ‘सोना पप्पू’ का नाम सूची में शामिल न करने पर कसबा थाने के ओसी को चुनाव आयोग ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद से पुलिस को और सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। लालबाजार ने स्पष्ट किया है कि केवल ‘ट्रबल मेकर’ ही नहीं, बल्कि ‘मोस्ट नोटोरियस ट्रबल मेकर’ की अलग सूची भी तैयार की जाएगी। इन चिह्नित अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।