सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बड़ाबाजार थाना इलाके में 450 ग्राम सोना हड़पने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रभुकान्त झा के रूप में हुई है, जो इस धोखाधड़ी में ''मिडिलमैन'' के रूप में काम कर रहा था। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी प्रभुकान्त झा को बैंकशाल अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान सरकारी वकील दीप नारायण ने अदालत को बताया कि सोने की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60 लाख रुपये है।
सरकारी पक्ष ने अदालत से अपील करते हुए कहा कि मामले की गहराई से जांच करने और हड़पे गए सोने की पूरी खेप बरामद करने के लिए आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इस वारदात में उसकी भूमिका एक बिचौलिए की थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने आरोपी प्रभुकान्त झा को 9 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया है। पुलिस अब इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।