सीएम शुभेंदु अधिकारी 
कोलकाता सिटी

पीएम फसल बीमा में बंगाल देश में दूसरे नंबर पर : सीएम शुभेंदु अधिकारी

Deepak Mishra

कोलकाता :

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों को रजिस्टर करने के मामले में बंगाल अब राष्ट्रीय स्तर पर दूसरे नंबर पर है। राज्य में 15 सितंबर तक 32 लाख किसानों को इस योजना में शामिल किया गया है। अधिकारी ने कहा कि ममता बनर्जी की पिछली सरकार ने 2019-20 में पीएम फसल बीमा योजना के तहत किसानों का रजिस्ट्रेशन रोक दिया था, जिससे बंगाल के किसान फसल बीमा सुरक्षा से वंचित रह गए थे।उन्होंने पोस्ट किया, ‘भाजपा के सत्ता में आने के बाद किसानों के हितों को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देते हुए फसल बीमा की यह सुविधा फिर से शुरू की गई है। पहले ही चरण में अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है।’ जिलेवार बात करें तो पूर्व मिदनापुर 7.20 लाख किसानों के रजिस्ट्रेशन के साथ सबसे आगे रहा, इसके बाद पश्चिम मिदनापुर (4.7 लाख), हुगली (1.6 लाख) और झाड़ग्राम (42,000) का स्थान रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों को सीधे बीमा सुरक्षा के दायरे में लाने के लिए अगस्त से 15 सितंबर तक हर ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष कैंप आयोजित किए गए। राज्य सरकार किसानों के प्रीमियम का बड़ा हिस्सा वहन कर रही है। एक हेक्टेयर तक जमीन के लिए किसान सिर्फ 1 रुपये का टोकन शुल्क देते हैं, एक से दो हेक्टेयर के लिए, प्रति एकड़ 100 रुपये जबकि बाकी प्रीमियम राज्य सरकार भरती है। अधिकारी ने कहा कि बीमा कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अगस्त 2026 में बाढ़ से प्रभावित किसानों के लिए ‘सीजन के बीच आई मुश्किलों’ के आकलन को तुरंत अंतिम रूप दें। बैंकों के जरिए लोन लेने वाले किसानों के रजिस्ट्रेशन की समय-सीमा 30 सितंबर तक बढ़ा दी गई है।
SCROLL FOR NEXT