इकबालपुर से इरफान खान गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
जाली दस्तावेजों के सहारे पासपोर्ट बनवाने के एक फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने इकबालपुर इलाके से इरफान खान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर जाली जन्म प्रमाण पत्र लगाकर पासपोर्ट हासिल करने के लिए आवेदन करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पासपोर्ट सत्यापन की प्रक्रिया के दौरान सिक्योरिटी कंट्रोल शाखा के खुफिया अधिकारियों को आरोपी द्वारा जमा किए गए जन्म प्रमाण पत्र पर संदेह हुआ। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद भवानीपुर थाने में मामला दर्ज कराया गया। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा नियंत्रण शाखा के खुफिया विभाग ने इकबालपुर में छापेमारी कर आरोपी इरफान खान को धर दबोचा।
पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर
बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अलीपुर अदालत में पेश किया। फर्जी दस्तावेजों के इस नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य एजेंटों और मुख्य साजिशकर्ताओं का पता लगाने के लिए पुलिस ने आरोपी को अपनी हिरासत में देने की अपील की। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फर्जी प्रमाण पत्र कहां से तैयार कराया गया था और इसके पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।