अभियुक्त को शनिवार तक ईडी हिरासत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
जमीन पर अवैध कब्जा करने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, दूसरों की संपत्तियों को हड़पने और फर्जी बिक्री समझौते (सेल डीड) बनाने जैसे गंभीर आरोपों के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अमित गांगुली नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बुधवार को ईडी ने आरोपी को कोलकाता नगर सत्र अदालत के मुख्य न्यायाधीश सुदीप्त कुमार दे के समक्ष पेश किया। अदालत में सुनवाई के दौरान ईडी के वकील भास्कर प्रसाद बनर्जी ने दलील देते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 13 एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें से 7 मामलों में पुलिस चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है। इन मामलों से जुड़ी वित्तीय गड़बड़ियों की जांच अब ईडी करेगा।
शनिवार तक ईडी हिरासत
मामले की तह तक जाने और अन्य सहयोगियों से पूछताछ के लिए ईडी के वकील ने आरोपी की हिरासत की मांग की। अदालत ने ईडी की याचिका को स्वीकार करते हुए अमित गांगुली को शनिवार तक के लिए ईडी की रिमांड पर भेजने का निर्देश दिया। हिरासत के दौरान ईडी आरोपी से फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क और बेनामी संपत्तियों के बारे में पूछताछ करेगा।