कोलकाता : अमेरिकन सेंटर के पास तस्वीरें खींचते समय पकड़े गए एक युवक से पूछताछ में ऑनलाइन शेयर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। शेक्सपियर सरणी थाने की पुलिस ने सोमवार को उत्तर 24 परगना के बारासात निवासी मृणमय विश्वास को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार की सुबह मृणमय को अमेरिकन सेंटर के पास संदिग्ध रूप से घूमते हुए देखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पाया कि वह गुप्त रूप से अमेरिकन सेंटर की तस्वीरें ले रहा है। उसे तुरंत हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह सिर्फ पृष्ठभूमि में अमेरिकन सेंटर को रखकर फोटो खींच रहा था।
हालांकि, पुलिस को उसका व्यवहार संदिग्ध लगा। गहन पूछताछ के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आयी कि मृणमय एक ऑनलाइन शेयर जालसाजी में शामिल है। पुलिस ने बताया कि 2024 में हुई इस ठगी के मामले में पहले ही 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मृणमय इस प्रकरण का 11वां आरोपित है।
अभियुक्त के अकाउंट में इजरायल से आया था रुपये
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच के दौरान मृणमय के बैंक खाते की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि उसके खाते में इज़रायल के एक बैंक से लगभग चार लाख रुपये आए थे। इस राशि के स्रोत के बारे में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके अलावा, पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि उसके परिवार के कुछ लोगों के संपर्क बांग्लादेश से हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृणमय स्वयं बांग्लादेशी नागरिक तो नहीं है। शेक्सपियर सरणी थाने में दर्ज इस ठगी के मामले में पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया पर लोगों को ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफे का लालच देकर एक ऐप के माध्यम से निवेश करवाते थे। बाद में वह ऐप अचानक बंद कर दिया गया। इस संबंध में 24 लाख रुपये की जालसाजी की शिकायत दर्ज की गई थी।
पुलिस का दावा है कि ठगी की रकम मृणमय के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाई जाती थी। पहले वह पैसे अपने खाते में रखता और फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता था। पुलिस अब मृणमय से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश कर रही है।