सांकेतिक तस्वीर  
कोलकाता सिटी

फलता के तृणमूल कार्यकर्ता का शव नामखाना में बरामद

Rambalak

दक्षिण 24 परगना: नामखाना में एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान फलता के तृणमूल कांग्रेस के अंचल अध्यक्ष तथा सिंचाई विभाग के संविदा कर्मचारी बुद्धदेव मंडल के रूप में हुई है। बुद्धदेव की पत्नी प्रियंका मंडल ने काकद्वीप अस्पताल के शवगृह में शव की पहचान की। बुद्धदेव के अपहरण का आरोप परिवार की ओर से लगाया गया था। परिवार के मुताबिक, मंगलवार को फलता के किला क्षेत्र से सटे स्लुइस गेट के पास स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय से कुछ बदमाश बुद्धदेव को जबरन उठा ले गए। बताया गया कि कार्यालय से ही परिवार के सदस्यों को फोन कर अपहरण की जानकारी दी गई थी। परिवार की शिकायत के आधार पर फलता थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। घटना के सिलसिले में बुधवार को भाजपा के तीन बूथ अध्यक्षों और एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित सरदार, विजय दास, संदीप शासमल और अशोक कर्मकार के रूप में हुई है। आरोपियों को डायमंड हार्बर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने चारों को सात दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

SCROLL FOR NEXT