रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पाथरप्रतिमा की जनसभा से तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए मतदाताओं के सामने ‘पांच प्रतिज्ञा’ रखीं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं के लिए जीत का स्पष्ट लक्ष्य भी तय कर दिया। उनका कहना था कि इस बार कम से कम 40 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज करनी होगी, जो पिछली बार की तुलना में लगभग दोगुना है। उन्होंने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस चौथी बार सत्ता में आती है, तो 30 हजार करोड़ रुपये का कृषि बजट घोषित किया जाएगा। बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत से प्रचार में जुट गए हैं। उम्मीदवार घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उनकी समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दे रहे हैं। इसी क्रम में बड़े नेता भी मैदान में उतर चुके हैं।
अभिषेक बनर्जी ने अपनी ‘पांच प्रतिज्ञा’ के तहत लोगों से किया वादा :
सभी के लिए पक्का मकान (आवास योजना के तहत)
केंद्र से धन नहीं मिलने पर भी हर घर तक पाइपलाइन से पेयजल पहुंचाया जाएगा
सभी बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन
उन्होंने बताया कि पिछली बार इस सीट पर तृणमूल उम्मीदवार ने 22,134 वोटों से जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 40 हजार कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा 50 से अधिक सीटें न जीत सके, इस दिशा में काम करना होगा। सभा के दौरान उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस हमेशा जनता के साथ थी, है और आगे भी रहेगी। चुनाव के बाद भाजपा गायब हो जाएगी।