फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

सुरेंद्रनाथ कॉलेज कैश-कांड : परितोष दत्ता गिरफ्तार

देबाशीष बंद्योपाध्याय अब भी फरार

कोलकाता : सुरेंद्रनाथ कॉलेज में नकदी और हथियार बरामदगी से जुड़े बहुचर्चित मामले में कोलकाता पुलिस ने गुरुवार को एफआईआर में नामजद आरोपfl परितोष दत्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस से जुड़े दत्ता को पूर्व बर्दवान जिले से गिरफ्तार किया गया है। वह कॉलेज का वेंडर होने के साथ-साथ इस मामले के मुख्य आरोपfl और कॉलेज की पूर्व गवर्निंग बॉडी के सदस्य देबाशीष बंद्योपाध्याय का करीबी सहयोगी भी बताया जाता है। हालांकि, देबाशीष बंद्योपाध्याय अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। मंगलवार को कॉलेज परिसर में स्थित स्टूडेंट यूनियन रूम से एक हथियार और नकदी से भरे दो सूटकेस बरामद किए गए थे। बरामद नकदी का बड़ा हिस्सा दीमकों के कारण क्षतिग्रस्त हो चुका था। मामले की जांच कर रही पुलिस ने परितोष दत्ता और देबाशीष बंद्योपाध्याय के खिलाफ आर्म्स एक्ट, आपराधिक गतिविधि, आपराधिक धमकी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि दोनों आरोपितों ने आपराधिक साजिश के तहत कॉलेज की भूतल स्थित कई कमरों, जिनमें स्टूडेंट यूनियन रूम भी शामिल है, पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। आरोप है कि इन कमरों को लंबे समय तक निजी उपयोग के लिए इस्तेमाल किया गया। इस बीच, कॉलेज प्रशासन ने बुधवार को पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च शिक्षा विभाग को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, विभाग ने कॉलेज अधिकारियों से उन प्रस्तावों की प्रतियां तैयार रखने को कहा है जिनके आधार पर इन कमरों का निर्माण ‘रेस्ट रूम’ के रूप में किया गया था। साथ ही निर्माण के उद्देश्य और उससे जुड़े अन्य दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि विभाग कॉलेज से भूतल के निर्माण, अतिरिक्त कक्षाओं के निर्माण की आवश्यकता तथा परियोजना के लिए धन के स्रोत की जानकारी भी मांग सकता है। हालांकि कॉलेज प्रशासन का कहना है कि उन्हें अब तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब मानसून से पहले चलाए जा रहे सफाई अभियान के दौरान कॉलेज अधिकारियों ने भूतल के एक बंद कमरे का ताला तोड़ा। पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4:30 बजे कमरे के भीतर से दो सूटकेस बरामद हुए, जिनमें बड़ी मात्रा में खराब और क्षतिग्रस्त भारतीय मुद्रा रखी हुई थी। परितोष दत्ता को कोलकाता पुलिस की एंटी राउडी स्क्वाड ने गिरफ्तार किया है। वहीं, देबाशीष बंद्योपाध्याय की तलाश में पुलिस कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। जांचकर्ता फिलहाल दत्ता से पूछताछ कर बंद्योपाध्याय के ठिकाने के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।

SCROLL FOR NEXT