फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन पर रंगाई के दौरान मजदूर की मौत

सुरक्षा उपकरण नहीं होने का आरोप, मुआवजे की मांग

कोलकाता : विधाननगर में सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन पर बीती रात रंगाई कार्य के दौरान एक ठेका मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय जाकिरुल शेख के रूप में हुई है। जाकिरुल शेख उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर का निवासी था।

जानकारी के अनुसार जाकिरुल शेख सेंट्रल पार्क मेट्रो डिपो में बांस से बनी मचान पर रंगाई का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल विधाननगर महकमा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मजदूरों का कहना है कि कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं उपलब्ध कराए गए थे। उनके अनुसार यदि सुरक्षा इंतजाम किए गए होते, तो इस हादसे को रोका जा सकता था। मजदूरों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा प्रबंध करने की भी अपील की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद कार्यस्थल पर श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त है। वे मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे हैं।

सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन पर लगातार निर्माण और रखरखाव कार्य हो रहे हैं, लेकिन यह हादसा मेट्रो परियोजना में सुरक्षा के अभाव पर सवाल खड़े करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि ठेका मजदूरों के लिए सुरक्षा प्रशिक्षण और उपकरणों की उपलब्धता अनिवार्य होनी चाहिए।

स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना में किन सुरक्षा मानकों की अवहेलना हुई। इस घटना ने कार्यस्थल पर मजदूर सुरक्षा के महत्व और निर्माण स्थल पर सावधानी बरतने की आवश्यकता को फिर से उजागर कर दिया है।कोल

SCROLL FOR NEXT