सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : भारत की अग्रणी टेलीविजन और फिल्म कंटेंट कंपनियों में शामिल ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया लिमिटेड ने मंगलवार को कोलकाता के एक होटल में अपने आगामी आईपीओ से पहले एक विशेष IPO प्रीव्यू मीट आयोजित की। कार्यक्रम में कंपनी के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर विपुल डी. शाह तथा को-प्रमोटर एवं ग्रुप CEO राजेश बहल ने ऑप्टिमिस्टिक्स की 25 वर्षों की विकास यात्रा, 150 से अधिक टीवी शो, 7,500 घंटे से अधिक ओरिजिनल प्रोग्रामिंग और पब्लिक मार्केट में प्रवेश की रणनीति साझा की।
कंटेंट, टेक्नोलॉजी और AI पर केंद्रित पैनल चर्चा
कार्यक्रम में ट्राइडेंटव्यू कंसल्टिंग के पार्टनर अमित एस. किशोरपुरिया ने पैनल चर्चा का संचालन किया। चर्चा में कंटेंट, टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते प्रभाव, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हो रहे बदलाव और कंपनी के टेलीविजन, फिल्म, OTT, एनिमेशन, डिजिटल कंटेंट तथा AI-आधारित पहलों के विस्तार पर विचार साझा किए गए। वक्ताओं ने स्केलेबल इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी (IP) निर्माण, तकनीकी नवाचार और भविष्य के लिए टिकाऊ एंटरटेनमेंट बिजनेस मॉडल विकसित करने पर भी जोर दिया।
IPO की प्रमुख जानकारी
कंपनी का आईपीओ 7 अगस्त 2026 को खुलेगा। इसका प्राइस बैंड 165 रुपए से 175 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है, जबकि इश्यू का आकार 108.50 करोड़ रुपए तक रहेगा। इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर LSI फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और नेक्सजेन फाइनेंशियल सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड हैं।
मनोरंजन जगत में मजबूत पहचान
वर्ष 2000 में विपुल डी. शाह द्वारा स्थापित ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट ने 'कॉमेडी सर्कस', 'क्राइम पेट्रोल' और 'बालवीर' जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों के साथ-साथ 'OMG 2', 'द डिप्लोमैट' और 'खेल खेल में' जैसी फिल्मों का भी निर्माण किया है। कंपनी अब पूंजी बाजार के माध्यम से अपने विस्तार को नई गति देने की तैयारी में है।