कोलकाता : पाटुली के बाघाजतीन इलाके में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त का नाम आकाश मंडल है। इधर, मृतक राहुल के शव का पोस्टमॉर्टम करने पर प्राथमिक तौर पर पता चला है कि उसे प्वाइंट ब्लैंक रेंज से बायीं कान के ठीक ऊपर गोली मारी गयी जिससे उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में पुलिस को लग रहा है कि सिर्फ जीत नहीं बल्कि जयंत और उसके साथियों के निशाने पर राहुल भी था। पुलिस का मानना है कि एक समय जयंत के करीबी के रूप में जाना जाने वाला राहुल बीते कई दिनों से उससे दूर रह रहा था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार जयंत और राहुल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद से ही राहुल और जीत एक साथ ज्यादा देखे जाते थे। वहीं दूसरी ओर प्रारंभिक तौर पर अभियुक्त जयंत इसे ‘मिस फायर’ का मामला बता रहा था, लेकिन अब जांच में नये खुलासों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित जयंत घोष ने पूछताछ में बताया कि फायरिंग के दौरान लक्षित व्यक्ति जीत अचानक अपनी जगह से हट गया, जिसके कारण गोली राहुल के सिर में लग गई। हालांकि, पुलिस को जयंत के बयान में कई असंगतियां मिली हैं, जिससे संदेह गहराता जा रहा है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि यह घटना महज एक हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हो सकती है। पुलिस को जानकारी मिली है कि सुकुमार रजक उर्फ सुकुमार दास उर्फ सुकांत नामक व्यक्ति ने गोली चलाई थी। बताया जा रहा है कि जयंत घोष के अवैध कारोबार के लिए सुकुमार ‘मसल पावर’ का काम करता था और वह हमेशा रिवॉल्वर लेकर चलता था। सूत्रों के मुताबिक, सुकुमार एक ‘क्रैक शूटर’ माना जाता है, जिसका निशाना बेहद सटीक है। ऐसे में ‘मिस फायर’ की संभावना पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस को शक है कि उसे विशेष रूप से इस वारदात के लिए बुलाया गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल और जयंत के बीच पहले से विवाद चल रहा था। ऐसे में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं राहुल ही असल निशाना तो नहीं था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सच्चाई सामने लायी जाएगी।