सांकेतिक फोटो  
कोलकाता सिटी

जयनगर में अवैध हथियार सहित एक गिरफ्तार

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

कैनिंग : दक्षिण 24 परगना जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अली हुसैन मोल्ला है, जो जयनगर के ही निवासी हैं। पुलिस ने उसके घर के पीछे वाले तालाब की तलहटी से एक उन्नत किस्म की पाइपगन बरामद की है। गुप्त सूचना मिली थी कि अली हुसैन मोल्ला अवैध आग्नेयास्त्र रखता है और उसे अपने घर के पीछे तालाब में छिपाकर रखता है। सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी पार्थ सारथी पाल ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। एसआई बलराम मंडल, एसआई शुभंकर करन, एएसआई प्रबीर विश्वास सहित पुलिस बल रात में ही अभियुक्त के घर पहुंच गया। पहले घर की तलाशी ली गई और अली हुसैन से कड़ाई से पूछताछ की गई। काफी देर तक वह टालता रहा, लेकिन पुलिस के दबाव के आगे उसने कबूल कर लिया कि उसके पास पाइपगन है और उसने उसे तालाब में छिपाया है। इसके बाद पुलिस ने तालाब का पानी निकलवाया और कीचड़ हटाकर तलहटी से प्लास्टिक में लिपटी एक बेहद खतरनाक पाइपगन बरामद की। हथियार की कारीगरी देख पुलिसकर्मी भी चौंक गए। अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार कर थाने लाया गया। उसके खिलाफ भारतीय हथियार अधिनियम की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बुधवार को उसे बारुईपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से पांच दिन की पुलिस हिरासत मिली है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह हथियार कहां से आया, इसका इस्तेमाल किस मकसद से होना था और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस की मुहिम जारी है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई की खुलकर तारीफ की है। बारुईपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आने ‌वाले दिनों में इलाके में अभियान चलाया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT