राजाबाजार में अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार तस्कर 
कोलकाता सिटी

राजाबाजार में भारी संख्या में अवैध हथियार के साथ तस्कर गिरफ्तार

अभियुक्त के पास से 6 सिंगल शटर और 14 कारतूस मिला

कोलकाता : अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह घटना राजाबाजार साइंस कॉलेज के पास एपीसी रोड पर हुई, जहां स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 43 वर्षीय सोहेल अख्तर के रूप में हुई है, जो बिहार के नालंदा जिले का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, एसटीएफ को पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि चुनाव से पहले राज्य में अवैध हथियारों की खेप पहुंचाई जा रही है। इसी सूचना के आधार पर अधिकारियों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। संदिग्ध गतिविधि के चलते एक वाहन को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 6 सिंगल शटर बंदूकें और 14 कारतूस बरामद हुए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन हथियारों को कोलकाता में सप्लाई करने के इरादे से लाया था। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हथियारों का स्रोत क्या है और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। फिलहाल एसटीएफ आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT