कोलकाता : महानगर में एक सरकारी बैंक में नकली चेक के जरिए 12.60 लाख रुपये निकालने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना हेयर स्ट्रीट थाना अंतर्गत डलहौजी इलाके की है। आरोपित की पहचान सूरज कुमार पांडेय के रूप में हुई है। गुरुवार को आरोपित को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 19 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
क्या है पूरा मामला
गुरुवार को अदालत में सरकारी वकील अरूप चक्रवर्ती ने बताया कि सूरज कुमार पांडेय झारखंड के रांची स्थित रातू रोड का निवासी है। बुधवार दोपहर वह हेयर स्ट्रीट इलाके के एक सरकारी बैंक में 12.60 लाख रुपये निकालने के उद्देश्य से पहुंचा था। उसने भुगतान के लिए बैंक में एक चेक जमा किया। चेक की जांच के दौरान बैंक अधिकारियों को संदेह हुआ। उन्होंने युवक को कुछ देर बाद आने के लिए कहकर चेक जारी करने वाली कंपनी से संपर्क किया। जांच में पता चला कि जमा किया गया चेक फर्जी है। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने तुरंत हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस को सूचना दी। कुछ समय बाद जब सूरज दोबारा बैंक पहुंचा, तो पुलिस ने उसे धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल हैं।