कोलकाता : महानगर में मॉर्निंग वॉक पर निकली युवती का मोबाइल छीनकर फरार होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। घटना भवानीपुर थानांतर्गत हेशम रोड की है। अभियुक्त का नाम सुब्रत सरकार है। पुलिस ने उसे टेंगरा इलाके से पकड़ा है। अभियुक्त के पास से लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गत 19 फरवरी की सुबह 5 बजे एक युवती भवानीपुर के हेशम रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया। घटना के बाद युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में पाया गया कि युवती से मोबाइल लूटने के बाद अभियुक्त लाउडन स्ट्रीट की ओर भागा था। जांच में पुलिस को पता चला कि लाउडन स्ट्रीट में पुलिस ने उसे रोका था और उसकी बाइक जब्त कर ली थी। भवानीपुर थाने के जांच अधिकारी जब शेक्सपियर सरणी थाने पहुंचे तो पता चला कि जब्त की गई बाइक प्रगति मैदान इलाके से चोरी की गई थी। शेक्सपियर सरणी थाने के अधिकारियों ने बताया कि जिस युवक के पास से बाइक जब्त की गई थी, उसके दाहिने हाथ की एक उंगली कटी हुई है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि नवंबर महीने में प्रगति मैदान इलाके से बाइक चोरी करने वाला भी यही अभियुक्त है। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर टेंगरा इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस अभियुक्त से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।