कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पतालों की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आई है। हाल ही में आरजी कर अस्पताल में लिफ्ट खराब होने की घटना के बाद अब कोलकाता के नील रतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक गंभीर हादसा सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था की कमजोरियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, अस्पताल की यूएनबी बिल्डिंग स्थित मेडिसिन विभाग के सीसीयू में छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि वहां भर्ती 12 गंभीर मरीज बाल-बाल बच गए। इस घटना को लेकर भाजपा नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए सरकारी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे लापरवाही और कुप्रबंधन का नतीजा बताया। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहीं ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं का ढांचा गंभीर संकट से गुजर रहा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, जिनके पास स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी भी है, के नेतृत्व में बुनियादी सुविधाओं की हालत चिंताजनक रूप से बिगड़ गई है।