ऋतब्रत गुट की बैठक 
कोलकाता सिटी

अब जिलों में आंदोलन का बिगुल फूंकेगा ऋतब्रत गुट

9 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस का बागी गुट अब विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार जिलों में बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है।

ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले खेमे ने 21 जुलाई की मेयो रोड रैली के बाद अब जिला स्तर पर आंदोलन का खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार 9 अगस्त रविवार को राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें जिलावार आंदोलन की रणनीति और कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा।

बैठक में चेयरपर्सन अरूप राय, महासचिव ऋतब्रत बनर्जी, फिरहाद हकीम, चंद्रिमा भट्टाचार्य, स्नेहाशीष चक्रवर्ती, आखरुज्जमां समेत राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य और जिला नेतृत्व शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक का विरोध, नदी कटाव की समस्या और पूर्ववर्ती शासनकाल के कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर जिलों में आंदोलन चलाया जाएगा। बागी खेमे का दावा है कि अधिकांश जिलों में संगठनात्मक नेतृत्व और कार्यकर्ता उनके साथ हैं।

दूसरी ओर कालीघाट गुट लगातार यह आरोप लगा रहा है कि बागी नेता अपने क्षेत्रों में सक्रिय नहीं हो पा रहे हैं। इसी दावे का जवाब देने के लिए बागी गुट अब जिलों में उतरने की तैयारी में है।

इस बीच एनसीपीआई में शामिल बागी सांसदों की बढ़ती सक्रियता और काकोली घोष दस्तीदार के पुत्र वैद्यनाथ घोष दस्तीदार की "गोपनीय बैठक" संबंधी सोशल मीडिया पोस्ट ने राज्य की राजनीति में नई अटकलों को हवा दे दी है।

SCROLL FOR NEXT