File Photo 
कोलकाता सिटी

अब नवान्न में भी गूंजा ‘जय श्रीराम’ के नारे

राज्य सचिवालय में उड़ा भगवा गुलाल, किया गया मुंह-मीठा

कोलकाता : राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पश्चिम बंगाल की प्रशासनिक इमारत नवान्न में मंगलवार को ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज उठे। सोमवार को घोषित चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने 200 से अधिक सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की, जिसके बाद राज्य सचिवालय नवान्न के भीतर भी राजनीतिक माहौल पूरी तरह बदलता दिखा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवान्न के अंदर कुछ सरकारी कर्मचारियों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए और गेरुआ रंग का अबीर खेला। महिला और पुरुष कर्मचारियों के एक वर्ग ने जश्न में हिस्सा लिया और भाजपा का समर्थन जताते हुए गेरुआ झंडा भी लहराया। कर्मचारियों ने कहा कि वे पहले डर के माहौल में काम करते थे, लेकिन अब उन्हें राहत महसूस हो रही है।

कुछ कर्मचारियों ने यह भी दावा किया कि वे लंबे समय से विभिन्न समस्याओं और वंचनाओं का सामना कर रहे थे, जिसमें महंगाई भत्ता (डीए) का मुद्दा भी शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नयी सरकार उनके मुद्दों पर ध्यान देगी। इससे पहले चुनाव परिणाम घोषित होते ही भाजपा समर्थक नवान्न के बाहर जुटे थे और जमकर ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए थे।

उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और गेरुआ रंग में रंगकर उत्सव मनाया। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पूरे पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है, जबकि कई जगहों पर तृणमूल कांग्रेस के गढ़ भी भाजपा के कब्जे में आ गये हैं।

SCROLL FOR NEXT