फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

पेट्रोल पंप के बाद अब पार्किंग जोन में भी ''नो हेलमेट, नो एंट्री'' की तैयारी

शहरभर में ''सेफ्टी एंड काउंसलिंग प्रोग्राम'' शुरू

Deepak Mishra

बिना हेलमेट बाइक पार्क की तो गिरेगी गाज! लालबाजार का सख्त प्लान

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : बिना हेलमेट बाइक व स्कूटी चलाने वालों की अब खैर नहीं। पेट्रोल पंपों पर सख्ती के बाद कोलकाता ट्रैफिक पुलिस अब पार्किंग स्थलों पर भी हेलमेट अनिवार्य करने जा रही है। नई व्यवस्था के तहत बिना हेलमेट बाइक या स्कूटी लेकर पहुंचने वाले चालकों को पार्किंग की सुविधा नहीं मिलेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शहर में चालक और पीछे बैठने वालों द्वारा हेलमेट नहीं पहनने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। हाल ही में कालीपूजा और दीपावली के दौरान हुई नाका चेकिंग में भी बड़ी संख्या में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन दौड़ते दिखे थे। इसी के मद्देनजर लालबाजार ने सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है।

पार्किंग के वक्त हेलमेट साथ होना जरूरी

लालबाजार के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, वाहन पार्क करते समय चालक के पास हेलमेट होना अनिवार्य होगा। हालांकि, बाइक या स्कूटी खड़ी करने के बाद चालक अपना हेलमेट साथ ले जा सकता है। इस नियम का पालन कराने की जिम्मेदारी पार्किंग स्टाफ की होगी।

सीसीटीवी से नजर, स्टाफ पर भी होगी कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस पार्किंग स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी करेगी। यदि कोई दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट के वाहन पार्क करता पाया गया, तो संबंधित पार्किंग कर्मचारी के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है।

सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान तेज

नियमों की सख्ती के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस लोगों को जागरूक करने में भी जुटी है। कोलकाता के सभी ट्रैफिक गार्डों ने सोमवार से ''सेफ्टी एंड काउंसलिंग प्रोग्राम'' के तहत विभिन्न इलाकों में जागरूकता और काउंसलिंग शिविर शुरू किए हैं। शिविरों में चालकों को बताया जा रहा है कि हेलमेट पहनना ही काफी नहीं है, बल्कि उसकी स्ट्रैप बांधना भी उतना ही जरूरी है।

नशे में ड्राइविंग से बचाव:

पुलिसकर्मी शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाने से होने वाले गंभीर हादसों के प्रति भी आगाह कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, यह अभियान अगले कुछ सप्ताह तक चलेगा। लालबाजार का मकसद केवल चालान या कार्रवाई करना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत डालना और सड़क हादसों पर लगाम कसना है।


SCROLL FOR NEXT