कोलकाता सिटी

बंगाल में कोई भी पात्र महिला अन्नपूर्णा योजना से वंचित नहीं रहेगी : प्रधानमंत्री मोदी

Neha Singh

अन्नपूर्णा दिवस पर पीएम मोदी का संबोधन, महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर

पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाना लक्ष्य

महिलाओं के खातों में हर महीने ₹3,000

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता :

कोलकाता के पास साल्ट लेक में आयोजित ‘अन्नपूर्णा दिवस’ कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने ₹3,000 की निश्चित राशि जमा की जाती है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष बैंक हस्तांतरण से बिचौलियों और ‘कट मनी’ की भूमिका खत्म हुई है।

करीब 1.5 करोड़ महिलाओं को चौथी किस्त

प्रधानमंत्री के मुताबिक, अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त करीब 1.5 करोड़ महिलाओं के खातों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण संबल है और इससे उनके आत्मविश्वास को मजबूती मिलती है। मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की महिलाओं के पास निर्णय लेने की शक्ति और आगे बढ़ने का साहस दोनों होना चाहिए। उन्होंने अन्नपूर्णा योजना को महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

17 सितंबर को हर साल मनाया जाएगा ‘अन्नपूर्णा दिवस’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि हर साल 17 सितंबर को ‘अन्नपूर्णा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है और इसे महिलाओं के बड़े वर्ग के लिए लागू किया गया है।

1.58 करोड़ लाभार्थियों को सितंबर की किस्त

मुख्यमंत्री ने बताया कि सितंबर की किस्त के लिए 1.58 करोड़ लाभार्थियों में से अधिकांश के बैंक खातों में राशि भेजी जा चुकी है। शेष लाभार्थियों के खातों में भी गुरुवार शाम तक राशि भेजने की बात कही गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर भी घोषणा

शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 लाख लाभार्थियों की सूची तैयार की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बाल विवाह के मुद्दे पर कहा कि उनके कार्यकाल में 18 वर्ष से कम उम्र की किसी लड़की की शादी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह कराने या उसमें मदद करने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

महिला खेल हस्तियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन

अन्नपूर्णा दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन पौलोमी घटक, इंदु पुरी और ज्योतिर्मयी सिकदर सहित महिला खेल हस्तियों ने किया।
SCROLL FOR NEXT