कोलकाता सिटी

NKDA ने टैक्स रिकॉर्ड अपडेट करने पर दिया जोर

घर-घर जाकर होगी भौतिक जांच

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : न्यू टाउन कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी (NKDA) ने प्रॉपर्टी टैक्स और ट्रेड लाइसेंस के स्व-मूल्यांकन की जांच के लिए बड़े पैमाने पर घर-घर सर्वे अभियान शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य संपत्तियों के सही मूल्यांकन, कर निर्धारण में पारदर्शिता और भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाना है। सर्वे के दौरान आवासीय, व्यावसायिक और व्यक्तिगत भूमि एवं इमारतों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

अधिकृत सीए फर्म करेंगी सत्यापन

NKDA की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, नियुक्त तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) फर्म के प्रतिनिधि विभिन्न संपत्तियों का भौतिक सत्यापन करेंगे। प्राधिकरण ने सभी संपत्ति मालिकों से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और सर्वे टीम को सहयोग देने की अपील की है।

रिकॉर्ड से किया जाएगा मिलान

सर्वे के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स भुगतान, ट्रेड लाइसेंस जारी करने और उनके नवीनीकरण से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान भी किया जाएगा। NKDA अधिकारियों के अनुसार, कुछ मामलों में कम टैक्स भुगतान और भवनों की अपडेट जानकारी दर्ज नहीं होने की शिकायतें मिली थीं।

भूमि उपयोग उल्लंघन पर विशेष नजर

अभियान के तहत करीब 1,000 ऐसी आवासीय इमारतों की भी जांच होगी जिनमें व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की आशंका है। NKDA का मानना है कि इससे अवैध रूप से आवासीय परिसरों को व्यावसायिक उपयोग में बदलने के मामलों की पहचान हो सकेगी। अधिकारियों के अनुसार, अगले महीने तक उल्लंघनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

SCROLL FOR NEXT