कोलकाता: न्यू टाउन - कोलकाता डेवलपमेंट अथॉरिटी ने न्यू टाउन में फुटपाथ पर कब्जा करने वाले हॉकरों और अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जगह खाली करने को कहा है।
नोटिस में विभागीय अधिकारी की मंजूरी के बिना सरकारी जमीन पर बनाई गई कई अनधिकृत दुकानों और अस्थायी ढांचों का भी जिक्र किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर "उचित प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई" की जाएगी।
अधिकारियों ने यह भी बताया है कि NKDA एक्ट के अनुसार, किसी भी तरह के अतिक्रमण को हटाने में होने वाला खर्च जगह कब्जा करने वालों से वसूला जाएगा। दूसरी जगहों की ही तरह विगत 26 जून को 18 तोला मार्केट इलाके में भी नोटिस जारी की गयी थी। लेकिन वहाँ के कई हॉकरों ने कहा कि वे अभी वहाँ से नहीं हटेंगे। हॉकरों के एक ग्रुप ने कहा कि उन्होंने इस मामले पर स्थानीय विधायक और NKDA अधिकारियों से बात की है।
वहीं अधिकारियों ने बताया कि न्यू टाउन में फुटपाथ और सड़क के किनारे की जगहों पर लगभग 1,500 हॉकर बैठे हैं। "अब से पहले लगभग 65% हॉकरों को पूरे इलाके के अलग अलग हिस्सों में बने पुनर्वास स्टॉलों में बसाया गया था। कुछ को दूसरा स्थान नहीं मिला और कुछ जगहों पर नए सिरे से अतिक्रमण हो गया जिस पर अब सरकार के निर्देशों और गाइडलाइंस के अनुसार जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
"2024 में, NKDA ने न्यू टाउन में हॉकर पुनर्वास पर एक स्टेटस रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें बताया गया कि न्यू टाउन में स्ट्रीट वेंडर और हॉकर की संख्या 2,957 थी। इनमें से, NKDA ने 14 NKDA हॉकर मार्केट में 1,931 वेंडिंग स्टॉल तैयार किए हैं जिनमें हॉकरों का पुनर्वास अलग अलग चरणों में किया जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा स्ट्रीट वेंडरों में से लगभग 65% का पुनर्वास किया जा चुका है, और बाकी 35% के पुनर्वास की कोशिश जारी है। इसके लिए NKDA ने न्यू टाउन में हॉकर मार्केट बनाने के लिए HIDCO से जमीन मांगी है।