कोलकाता : दुर्गा पूजा से पहले न्यू मार्केट इलाके के हॉकर्स को एक अस्थायी राहत मिली है। दो महीने पहले कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और न्यू मार्केट थाना की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़कों पर डाला लगाने वाले हॉकरों के विरुद्ध सॢलसिलेवार तरीके से अभियान चलाया। हालाकि, इसके बावजूद हॉकर दोबारा पुरानी जगहों पर लौट आते। मंगलवार को केएमसी मुख्यालय में हुई टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक में दुर्गा पूजा के मद्देनजर फिलहाल अभियान पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है। हालांकि, विजय दशमी के बाद अक्टूबर के पहले सप्ताह से अभियान को और सख्ती से किया शुरू किया जाएगा।
हॉकरों पर निगरानी की कमी का आरोप
बैठक के दौरान हॉकर संग्राम समिति के प्रमुख और टीवीसी सदस्य शक्तिमान घोष ने आरोप लगाया कि पुलिस की निगरानी की कमी के कारण हॉकर दोबारा सड़कों पर डाला लगा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की निगरानी की कमी के कारण हॉकर ब्लैक टॉप पर डाला लगा रहे हैं। टीवीसी के कुछ सदस्यों ने भी पुलिस को और सतर्क रहने की बात पर जोर दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि पूजा से पहले हॉकरों के प्रति कुछ ढिलाई बरती जानी चाहिए। वहीं बैठक के दौरान कॉलेज स्ट्रीट स्थित कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के समक्ष भी फुटपाथ अतिक्रमण के विषय पर चर्चा की गई। शक्तिमान घोष ने बताया कि जल्द ही यहां डाला लगाने वाले हॉकरों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।