कोलकाता एयरपोर्ट 
कोलकाता सिटी

कोलकाता एयरपोर्ट की वैश्विक रैंकिंग में मामूली गिरावट

संतुष्टि स्कोर में सुधार

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने हाल ही में जारी वैश्विक एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) रैंकिंग में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है। अप्रैल–जून 2025 तिमाही में कोलकाता एयरपोर्ट दो स्थान खिसक कर 59वें स्थान पर पहुंचा है, जबकि पिछली तिमाही में इसकी रैंकिंग 57 थी।

एएसक्यू सर्वेक्षण, जो एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल द्वारा यात्रियों से रीयल-टाइम फीडबैक के आधार पर किया जाता है, एयरपोर्ट को 31 मानकों पर आंकता है। इनमें चेक-इन की प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, साफ-सफाई, वाई-फाई सुविधा और यात्री अनुभव शामिल हैं। हालांकि रैंकिंग में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन कोलकाता एयरपोर्ट ने अपने प्रदर्शन में कुल मिलाकर सुधार दिखाया है। हवाई अड्डे ने वाई-फाई की गुणवत्ता, संकेतों की स्पष्टता, चेक-इन और सुरक्षा काउंटर पर प्रतीक्षा समय में कमी, मनोरंजन सुविधाओं और टर्मिनल के अंदर दूरी को कम करने जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।

एयरपोर्ट का कुल स्कोर 5 में से 4.93 रहा, जो न केवल वैश्विक औसत 4.3 से बेहतर है, बल्कि पिछली तिमाही के 4.92 से भी ऊंचा है। हालांकि कुछ समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। यात्रियों ने दुकानों, रेस्टोरेंट्स और कैफे की गुणवत्ता व विविधता, इमिग्रेशन काउंटरों पर लंबी कतारें, एयरपोर्ट तक पहुंचने की कठिनाई और शौचालयों की सफाई को लेकर असंतोष जताया है। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने कई सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

एक प्रवक्ता ने बताया, "नए शौचालय बनाए जा रहे हैं, अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था की गई है और वाई-फाई को अपग्रेड कर दिया गया है। हमें भरोसा है कि अगले सर्वेक्षण में ये बदलाव सकारात्मक असर डालेंगे।" 16 एएआई (भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण) द्वारा संचालित हवाई अड्डों में कोलकाता ने लगातार शीर्ष प्रदर्शन बनाए रखा है। वर्तमान में गोवा (रैंक 56), पुणे (57) और इंदौर (58) इससे थोड़ा आगे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “यह हमारे लिए संतोष की बात है कि सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में भी कोलकाता एयरपोर्ट यात्रियों की पसंद बना हुआ है। हम लगातार सुधार की दिशा में काम कर रहे हैं।”

मुख्य बातें

कई क्षेत्रों में सुधार : वाई-फाई, संकेतों की स्पष्टता, कम प्रतीक्षा समय, मनोरंजन और टर्मिनल के अंदर कम दूरी जैसे मामलों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

अभी भी समस्याएं बरकरार : दुकानों और रेस्टोरेंट्स की गुणवत्ता, इमिग्रेशन कतारें, गंदे शौचालय और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी यात्रियों की प्रमुख शिकायतें बनी हुई हैं।

सुधारात्मक कदम शुरू : एयरपोर्ट प्रबंधन ने नए शौचालय, अतिरिक्त बैठने की व्यवस्था और बेहतर वाई-फाई जैसी सुविधाओं पर काम शुरू कर दिया है।

SCROLL FOR NEXT