नरेंद्रपुर थाने की तस्वीर 
कोलकाता सिटी

नाजीराबाद अग्निकांड: डीएनए मैपिंग से 18 शवों की पहचान

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नरेंद्रपुर के नाजीराबाद में हुए भीषण अग्निकांड में डीएनए मैपिंग के जरिए अब तक 18 लोगों के शवों की पहचान कर ली गई है। यह प्रक्रिया अभी भी जारी है। सूत्रों के अनुसार, पहचाने गए 18 लोगों में कई पूर्व मेदिनीपुर के निवासी हैं। आनंदपुर से सटे नरेंद्रपुर के नाजीराबाद के दो गोदामों में 26 जनवरी की भोर में लगी भीषण आग के बाद 27 लोगों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। गोदामों से बरामद शव और शवों के अवशेष बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया था। इसी कारण प्रशासन ने डीएनए मैपिंग कराने का निर्णय लिया था। घटना की रात गोदाम में कितने लोग मौजूद थे, इस बारे में कर्मचारी भी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। क्या सभी के शवों के अवशेष बरामद हो चुके हैं? जिन 27 लोगों के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई, क्या वे सभी उस समय वहां मौजूद थे? इन सवालों के जवाब डीएनए जांच से स्पष्ट होने की उम्मीद है। इस मामले में डेकोरेटर्स कंपनी के मालिक गंगाधर दास और एक मोमो कंपनी के तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया था। विपक्ष ने आरोप लगाया था कि गोदाम में पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT