कोलकाता : राष्ट्रीय पटसन बोर्ड में 14 से 28 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न हिंदी विषयक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बोर्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों, यंग प्रोफेशनल्स एवं अस्थायी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत निबंध लेखन, हिंदी टंकण, सामान्य हिंदी ज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हिंदी के प्रति अपनी रुचि एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। हिंदी पखवाड़ा का समापन समारोह राष्ट्रीय पटसन बोर्ड के कार्यालय में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय पटसन बोर्ड के सचिव शशि भूषण सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदी न केवल संपर्क और संचार का प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह देश की विविध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।