कोलकाता सिटी

पेमेंट सक्सेसफुल’ का मैसेज दिखाकर सोने के आभूषण लेकर फरार, महिला गिरफ्तार

Rambalak

कोलकाता: मोबाइल पर ‘पेमेंट सक्सेसफुल’ का मैसेज दिखाकर सोने के आभूषण लेकर फरार होने के आरोप में नरेन्द्रपुर थाने की पुलिस ने मधुरिमा दास नामक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लेक थाना क्षेत्र की रहने वाली है। जांच के अनुसार, महिला कथित तौर पर पहले सोने की दुकानों की रेकी करती थी। इसके बाद ग्राहक बनकर दुकान में जाती और आभूषण पसंद करने के बाद भुगतान के समय मोबाइल पर ऐसा मैसेज दिखाती थी, जिससे दुकानदार को लगता था कि उसके खाते में रकम जमा हो गई है। बाद में बैंक खाते की जांच करने पर पता चलता था कि कोई भुगतान हुआ ही नहीं। ऐसा ही मामला नरेन्द्रपुर थाना क्षेत्र के कालीबाजार स्थित एक सोने की दुकान में सामने आया। दुकान के मालिक तारक कर्मकार के अनुसार, महिला ने भुगतान का मैसेज दिखाया था। शुरुआती तौर पर बैंक से इसकी पुष्टि करने के बाद उन्होंने आभूषण दे दिए। हालांकि, बाद में लेन-देन की विस्तृत जांच में पता चला कि उनके खाते में रकम जमा नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और सीसीटीवी फुटेज सौंपा। इसी दौरान महिला चौहाटी इलाके की एक अन्य सोने की दुकान में आभूषण खरीदने पहुंची। दुकानदार को संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई और महिला को दुकान में ही रोक लिया गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और आभूषण भी बरामद किए। पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला अकेले इस गिरोह में शामिल थी या उसके साथ अन्य लोग भी हैं।

SCROLL FOR NEXT