मृतक अरूप मंडल का फाइल फोटो 
कोलकाता सिटी

फ्लैट के अंदर गोली मारकर युवक की हत्या, प्रेमिका समेत दो गिरफ्तार

नरेंद्रपुर के गरिया नवग्राम इलाके की घटना

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : चुनावी माहौल के बीच एक फ्लैट के अंदर से एक युवक का गोली लगा शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अरूप मंडल (37) के रूप में हुई है। यह घटना नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के गरिया नवग्राम इलाके की है। पुलिस ने मृतक की कथित प्रेमिका सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार फ्लैट के अंदर से अरूप मंडल को गोली लगी हालत में पाया गया। फ्लैट से दो आग्नेयास्त्र और छह राउंड कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घटना कब, कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, आवास के अन्य निवासी भी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के सिर पर गोली लगने के अलावा चोट के निशान भी पाए गए हैं। मृतक के परिवार का दावा है कि उन्हें रविवार आधी रात को घटना की सूचना मिली। अरूप के मामा शंकर नस्कर ने बताया कि एक परिचित ने उन्हें इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वे तुरंत फ्लैट में पहुंचे और अरूप को खून से लथपथ अवस्था में पड़ा देखा। परिवार के अनुसार, अरूप काम के सिलसिले में इस फ्लैट में अकेले रहता था। उसका किसी के साथ प्रेम संबंध था या नहीं, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। हालांकि, ‘राजू दास नाम के एक युवक को परिवार के कुछ लोग अरूप के मित्र के रूप में जानते थे। पुलिस राजू और मृत युवक की कथित प्रेमिका प्रियंका दास को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम संबंधों में तनाव को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किसने चलाई और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी।

SCROLL FOR NEXT