रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : दक्षिण 24 परगना जिले राजपुर सोनारपुर पालिका के नरेंद्रपुर स्थित एक फैक्ट्री में मंगलवार की रात अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों की जांच सोनारपुर थाने की पुलिस कर रही है। दमकल और सोनारपुर थाना पुलिस सूत्रों के अनुसार, फैक्ट्री के गोदाम में जहां कार्टन रखे हुए थे, वहीं सबसे पहले आग लगी। बताया जा रहा है कि एक कमरे के अंदर से आग की शुरुआत हुई और देखते ही देखते वह कमरे के अन्य हिस्सों में फैल गई। फैक्ट्री के कर्मचारियों ने सबसे पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की। गोदाम के अंदर मौजूद अग्निशमन उपकरणों का भी इस्तेमाल किया गया, लेकिन आग पूरी तरह नियंत्रण में नहीं आ सकी। इसके बाद रात करीब 9 बजे दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को काबू में कर लिया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।