नराकास (उपक्रम-2) 
कोलकाता सिटी

राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन में नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता को मिला प्रतिष्ठित सम्मान

पूर्व क्षेत्र की 72 नगर राजभाषा कार्यान्वयन समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, वर्ष 2025-26 की गतिविधियों के आधार पर मिली विशेष उपलब्धि

Ravi

सिलीगुड़ी/कोलकाता : राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन और प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (उपक्रम-2), कोलकाता को प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2025-26 के दौरान समिति की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर पूर्व क्षेत्र की 72 नराकास समितियों में यह विशेष उपलब्धि हासिल हुई है।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग के क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, पूर्व क्षेत्र, कोलकाता की ओर से एनएचपीसी लिमिटेड, सिलीगुड़ी में आयोजित राजभाषा सम्मेलन-सह-कार्यशाला के दौरान यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता उप निदेशक (कार्यान्वयन) डॉ. विचित्र सेनगुप्त ने की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एनएचपीसी के महाप्रबंधक श्री भागमत मरांडी, इंडियन बैंक के क्षेत्र महाप्रबंधक श्री बिनु जे. पिल्लई तथा उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय की प्रोफेसर (डॉ.) मनीषा झा उपस्थित रहीं। इस अवसर पर राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक उपयोग, कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी क्रियान्वयन और हिंदी के प्रचार-प्रसार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

नराकास (उपक्रम-2), कोलकाता की ओर से सदस्य सचिव श्री संजित कुमार दास, सदस्य सह-सचिव श्री अजय शंकर मिश्र तथा डॉ. अमित कुमार दीक्षित ने संयुक्त रूप से यह सम्मान ग्रहण किया।

समिति ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने अध्यक्ष एवं स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल), सीएमओ कोलकाता के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री देबब्रत दत्ता के कुशल मार्गदर्शन तथा सभी सदस्य कार्यालयों के सामूहिक प्रयासों को दिया।

इस सम्मान को समिति ने राजभाषा हिंदी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिणाम बताते हुए भविष्य में भी हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और सरकारी उपक्रमों में इसके प्रभावी कार्यान्वयन के प्रयास जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

SCROLL FOR NEXT