रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : नरेंद्रपुर थानांतर्गत नाजीराबाद के दो गोदाम में भीषण आग लगने की घटना में पुलिस ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के नाम मनोरंजन शिट और राजा चक्रवर्ती हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनोरंजन शिट ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के गोदाम का मैनेजर है जबकि राजा चक्रवर्ती डिप्टी मैनेजर है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को नरेंद्रपुर से गुरुवार की रात में पकड़ा है। गोदाम में अग्निश्मन की समुचित व्यवस्था नहीं करने के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों को बारुईपुर महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस यह जांच कर रही है कि 25 जनवरी की आधी रात को जब गोदाम में आग लगी, उस समय दोनों कहां थे और इस घटना में उनकी भूमिका क्या थी। पूछताछ के लिए जांचकर्ता उन्हें पुलिस हिरासत में लेने की मांग कर सकते हैं। आनंदपुर के नाजीराबाद इलाके में लगातार दो गोदामों में आग लगी थी। दूसरी ओर डेकोरेटर गोदाम के मालिक गंगाधर दास को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। माना जा रहा है कि उसी गोदाम से आग फैलकर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के गोदाम तक पहुंची। रात की ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अंदर फंस गए थे। इन दो गोदामों में लगी आग की घटना में कम से कम 25 लोगों के शव के अवशेष मिल चुके है। बीच, ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया था कि कंपनी के दो कर्मचारी और एक संविदा पर तैनात सुरक्षा गार्ड की मौत हुई है। कंपनी ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने और आजीवन मासिक वेतन देने की घोषणा की थी। हालांकि, यह सवाल उठ रहे थे कि गोदाम की जिम्मेदारी संभालने वाले किसी भी अधिकारी को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। प्रशासनिक लापरवाही को लेकर जांच जारी है। गोदाम में अग्निनिरोधक व्यवस्था कैसी थी, इस पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी का दावा है कि पास के गोदाम में अवैध रूप से खाना पकाया जा रहा था और लापरवाही के कारण वहीं से आग फैल गई। कंपनी ने जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है। नाजीराबाद की घटना को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने कड़ा विरोध जताया है।