इंटाली थाना में पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
इंटाली इलाके की एक 16 वर्षीय किशोरी द्वारा नवजात को जन्म दिए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने 19 वर्षीय समीर आलम को गिरफ्तार किया है। चित्तरंजन सेवा सदन अस्पताल में इलाज के दौरान किशोरी के पहचान पत्र से उसकी उम्र की पुष्टि हुई, जिसके बाद अस्पताल की सूचना पर भवानीपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर इसे इंटाली थाना स्थानांतरित किया गया। पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी पिछले साल दिसंबर से पीड़िता के संपर्क में था। शारीरिक शोषण के परिणामस्वरूप वह गर्भवती हुई और सोमवार को घर पर ही बच्चे को जन्म दिया। पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों का बाल विवाह हुआ था या नहीं और इस कृत्य में अन्य कौन लोग संलिप्त हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में प्रशासन ने घोषणा की थी कि 18 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं के गर्भवती होने के मामलों में पतियों के विरुद्ध स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों को अधिकतम 20 वर्ष तक की कैद तथा सरकारी सुविधाओं व सामाजिक भत्तों से वंचित किए जाने का प्रावधान है।