केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल प्रो टी-20 लीग के तीसरे सीजन से पहले मुर्शिदाबाद किंग्स और मुर्शिदाबाद क्वींस ने सोमवार को कोलकाता के हैशटैग में आयोजित एक भव्य समारोह में अपनी आधिकारिक जर्सी लॉन्च की। खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, प्रायोजकों और समर्थकों की मौजूदगी में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम ने आगामी सीजन को लेकर उत्साह को नई ऊंचाई प्रदान की।
दर्शना बनिक ने बढ़ाई समारोह की शोभा
जर्सी लॉन्च समारोह में बंगाली फिल्म अभिनेत्री दर्शना बनिक विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर फ्रेंचाइजी की नई जर्सी का आधिकारिक अनावरण किया गया, जो टीम के गौरव, संघर्ष, जुनून और जीत के संकल्प को दर्शाती है।
सह-मालिक प्रतीक जालान ने जताया उत्साह
मुर्शिदाबाद किंग्स और क्वींस के सह-मालिक प्रतीक जालान ने कहा कि नई जर्सी टीम की पहचान, जुनून और जुझारू भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी अपने आधिकारिक रंगों वाली जर्सी लॉन्च कर बेहद उत्साहित है और आगामी सीजन में समर्थकों के प्यार व समर्थन के साथ शानदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।
यश जैन बोले- समर्थकों को होगा गर्व
फ्रेंचाइजी के सह-मालिक यश जैन ने कहा कि जर्सी लॉन्च टीम के लिए एक विशेष और यादगार क्षण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच जबरदस्त ऊर्जा और उत्साह देखने को मिल रहा है तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि टीम अपने समर्थकों को गर्व महसूस करवाएगी।
मुर्शिदाबाद किंग्स की टीम
पुरुष वर्ग की टीम मुर्शिदाबाद किंग्स की कप्तानी अभिषेक रमन करेंगे, जबकि शुभम चटर्जी उप-कप्तान होंगे। टीम में आदित्य पुरोहित, सक्षम चौधरी, चंद्रहास दास, अयान भट्टाचार्य, आदित्य शर्मा, नूरुद्दीन मंडल, ऋषभ चौधरी, तौफीक मंडल, शुभंकर बाल, इरशाद आलम, सायक जाना, प्रबीन छेत्री, गिरिराज व्यास, रोहित कुमार दास और दीपांशु शामिल हैं। टीम के मुख्य कोच सौरव सरकार हैं।
मुर्शिदाबाद क्वींस की टीम
महिला वर्ग की टीम मुर्शिदाबाद क्वींस की कप्तानी तनुश्री सरकार करेंगी, जबकि प्रतिवा राणा उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगी। टीम में जाह्नवी राज पासवान, कशिश अग्रवाल, प्रिया पांडे, शिवांशी तिवारी, सुष्मिता पाल, तनुश्री अधिकारी, अविपशा घोष, सिंजिनी सरकार, इशिता विश्वास, सनाया मंडल, अद्रिता दास, योगिता रावत, नम्रता चंद्रा और मर्जिना खातून शामिल हैं। टीम के प्रमुख कोच प्रोबल दत्ता हैं।
फ्रेंचाइजी का मजबूत व्यावसायिक आधार
मुर्शिदाबाद किंग्स और क्वींस बंगाल प्रो टी-20 लीग में मुर्शिदाबाद और नादिया जिलों का प्रतिनिधित्व करती हैं। फ्रेंचाइजी का स्वामित्व जेजे स्पोर्ट वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के पास है। यह दोनों टीमें पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठित कारोबारी समूहों जालान बिल्डर्स और प्रीतम इलेक्ट्रिकल्स के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही हैं। आगामी सीजन में मुर्शिदाबाद किंग्स और क्वींस अपनी नई पहचान और नई जर्सी के साथ मैदान पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फ्रेंचाइजी प्रबंधन को उम्मीद है कि दोनों टीमें इस बार खिताब की मजबूत दावेदार साबित होंगी।