15 लाख रुपए मांगे जाने का आरोप
जितेंद्र, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कालीघाट तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। जस्टिस तीर्थंकर घोष के कोर्ट में इसी सप्ताह सुनवाई होने की उम्मीद है। उनके खिलाफ एक व्यवसाई से 15 लाख रुपए मांगे जाने का आरोप लगाते हुए रानीगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने इसके खिलाफ मामला दायर करने के लिए कोर्ट से पूर्व में अनुमति ले ली थी।
इस पिटीशन में उन्होंने कहा है कि वे जांच में सहयोग करने को तैयार है, उन्हें अग्रिम जमानत दी जाए। आरोप है कि पिछले साल 21 मई को कीर्ति आजाद के दुर्गापुर के बंगले से एक व्यवसाई को फोन करके बुलाया गया। उसका गैस एजेंसी का कारोबार है। वहां मौजूद लोगों ने उससे कहा कि 15 लाख रुपए दो वरना तुम्हारा कारोबार बंद करा दिया जाएगा। इस मामले में दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि इस घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। इसे लेकर कीर्ति आजाद और उनके कई सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कीर्ति आजाद की तरफ से दायर पिटीशन में कहा गया है कि राजनीतिक रंजिश के कारण यह मामला दायर किया गया है। उनका कहना है कि जिस दिन यह घटना घटी थी उसे दिन वह दुर्गापुर में मौजूद ही नहीं थे। इसके सबूत में उन्होंने फ्लाइट टिकट भी पेश किया है। यह सवाल भी उठाया गया है की घटना से 15 माह बाद एफआईआर दर्ज की गई है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि जिन 15 लाख रुपए की मांग की गई थी क्या वह रुपए दिए गए थे।