दक्षिण 24 परगना : नामखाना ब्लॉक स्थित मौसुनी द्वीप में नदी तटबंध के एक बड़े हिस्से के टूट जाने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को बालियाड़ा के 14 नंबर सोल (स्वाल) क्षेत्र स्थित बटतला नदी तटबंध का लगभग 150 मीटर हिस्सा टूट गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्षेत्र का तटबंध लंबे समय से बेहद जर्जर और कमजोर अवस्था में था। प्रशासन को कई बार इसकी जानकारी देने और मरम्मत की मांग करने के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अमावस्या के दिन आए ऊंचे ज्वार के दबाव में तटबंध का यह हिस्सा टूट गया, जिससे आसपास के लोगों में भय और चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नदी तटबंध की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण के लिए भारी राशि आवंटित की जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं हुआ। परिणामस्वरूप, हर वर्ष मानसून के दौरान तटबंध में कटाव की समस्या सामने आती है। इस वर्ष भी वही आशंका सच साबित हुई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो किसी भी समय नदी का पानी गांव में प्रवेश कर सकता है और व्यापक क्षेत्र जलमग्न हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने ने कहा कि लगभग 150 मीटर नदी तटबंध टूट जाने से हम लोग भय और अनिश्चितता के बीच जीवन बिता रहे हैं। यदि तत्काल मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो नदी का पानी गांव में घुसकर बड़े इलाके को जलमग्न कर सकता है।