कोलकाता : विवादित बयानों को लेकर हाल में सीएम शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी झेल चुके नौदा से आम जनता उन्नयन पार्टी के विधायक हुमायूं कबीर ने बुधवार को नवान्न में मुख्यमंत्री से शिष्टाचार मुलाकात की। हुमायूं ने स्वयं सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच मुर्शिदाबाद के विकास और क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। विधायक ने नौदा के किसानों के लिए आधुनिक शीतगृह (कोल्ड स्टोरेज) बनाने तथा रेजीनगर क्षेत्र में भागीरथी नदी पर नया पुल निर्माण की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। हुमायूं के अनुसार, मुख्यमंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
50-50 लाख रुपये के तीन चेक हुए बाउंस
इधर, मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब ने हुमायूं कबीर को बड़ा झटका देते हुए क्लब अध्यक्ष पद से हटा दिया है। क्लब की कार्यकारिणी की आपात बैठक में यह फैसला लिया गया। क्लब का आरोप है कि हुमायूं ने क्लब के विकास के लिए 25 करोड़ रुपये देने का वादा किया था, लेकिन कोई राशि नहीं दी।
हाल में भेजे गए 50-50 लाख रुपये के तीन चेक (कुल 1.5 करोड़ रुपये) भी बाउंस हो गए। इसके बाद क्लब ने उन्हें पद से हटाकर गजल जाफर को नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया। क्लब महासचिव वसीम अकरम ने कहा कि हुमायूं से उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।