कोलकाता : बड़ाबाजार थाना क्षेत्र के स्ट्रैंड रोड पर एक राहगीर से मोबाइल फोन छीनने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. ताज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे इंटाली इलाके से दबोचा। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, उत्तर 24 परगना के खड़दह निवासी कृष्णदेव राव ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि 10 फरवरी की रात करीब 12:30 बजे वह स्ट्रैंड रोड से गुजर रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और अचानक उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि वह संभल भी नहीं सके।
शिकायत मिलते ही बड़ाबाजार थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद छापेमारी कर पुलिस ने मो. ताज को इंटाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और उसके फरार साथी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।