कोलकाता : करया थाना अंतर्गत राइफल रेंज रोड पर शनिवार की रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया। जानकारी के अनुसार पीड़ित एम. ए. रमीज ने बताया कि 4 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे वह पार्क सर्कस स्टेशन की ओर पैदल जा रहा था। आरोप है कि जब वह दवा दुकान के पास से गुजर रहा था तभी एक काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें अचानक रोक लिया। पीड़ित का कहना है कि मोटरसाइकिल के पीछे बैठे व्यक्ति ने उनकी जॉगिंग पैंट के सामने वाले जेब से मोबाइल फोन छीन लिया और कंधे पर टंगे बैग को जोर से खींचा। इस दौरान बदमाशों ने उन्हें सीने पर जोर से धक्का दिया, जिससे वह लड़खड़ा गए। इसके बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपित काली शर्ट और जींस पहने हुए थे। मोटरसाइकिल चला रहा व्यक्ति हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति काली टोपी और मफलर से चेहरा ढके हुए था। मोटरसाइकिल पर पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करया थाना पहुंचकर लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया और केवल जनरल डायरी दर्ज कर ली गयी। बाद में दोबारा शिकायत करने पर उनकी एफआईआर दर्ज की गयी है। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगालकर चोर की तलाश कर रही है।