टूर एंड ट्रैवल व्यवसाय से जुड़े शकील अहमद  
कोलकाता सिटी

मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट में टूर एंड ट्रैवल व्यवसाय पर लॉक डाउन का साया

राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : न्यू मार्केट के मिर्ज़ा ग़ालिब स्ट्रीट में हुए अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद इलाके में सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने के कारण दर्जनों गेस्ट हाउस और होटलों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। इसका सीधा असर इलाके के टूर एंड ट्रैवल कारोबार पर पड़ा है। कारोबारियों के मुताबिक, अग्निकांड के बाद से इलाके में लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी हुई है और विदेशी पर्यटकों की आवाजाही में भी कमी आई है। इलाके को ‘मिनी बांग्लादेश’ के नाम से भी जाना जाता है, जहां बड़ी संख्या में बांग्लादेशी पर्यटक ठहरते और खरीदारी करते थे। कारोबारियों का कहना है कि पहले की तुलना में बांग्लादेशी पर्यटकों की संख्या कम हुई है। इससे टूर एंड ट्रैवल के साथ-साथ मनी एक्सचेंज और रेस्टोरेंट कारोबार भी प्रभावित हुआ है। होटल बंद होने से पर्यटकों में डर, कारोबारियों की बढ़ी परेशानी : ताज ट्रेवल्स के शकील अहमद ने बताया कि अग्निकांड के बाद मार्क्विस स्ट्रीट में करीब 52 होटल और गेस्ट हाउस बंद होने से बांग्लादेशी पर्यटकों में डर का माहौल है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या घटने से टूर एंड ट्रैवल व्यवसाय पर बुरा असर पड़ा है। वहीं, मनी एक्सचेंज कारोबार में भी गिरावट आई है और इलाके के रेस्टोरेंट में ग्राहकों की संख्या कम हुई है। उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गए बांग्लादेशी नागरिकों की याद में मौन भी रखा गया था। वहीं, रीएस ट्रेवल्स के मो. अलाउद्दीन ने कहा कि पिछले दो वर्षों से बांग्लादेश से पर्यटकों की आवाजाही लगभग बंद थी। हालांकि, पिछले छह महीनों से टूरिस्ट वीजा पर पर्यटकों का आना शुरू हुआ था। अग्निकांड के बाद एक बार फिर पर्यटकों की संख्या में कमी आई है। इसका सीधा असर रोजगार पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी पर्यटकों की आवाजाही कम होने से टूर एंड ट्रैवल से जुड़े कारोबारियों की मुश्किलें दिन-ब-दिन बढ़ रही हैं।

SCROLL FOR NEXT