दक्षिण 24 परगना : एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा गाजी बताया गया है। जानकारी के अनुसार, फेसबुक के जरिए राजा गाजी की पहचान नाबालिग लड़की से हुई थी। आरोपी ने प्रेम का झांसा देकर लड़की को अपने साथ नयाजाट ले गया। इसके बाद उसने लड़की के परिजनों को फोन कर बताया कि लड़की का अपहरण कर लिया गया है और उसे छोड़ने के लिए 14 हजार रुपये की फिरौती देनी होगी। भांगड़ की रहने वाली नाबालिग के परिजन तुरंत उत्तर काशीपुर थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। उसी रात नाबालिग लड़की को नयाजाट इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। साथ ही आरोपी युवक राजा गाजी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि युवक ने नाबालिग के साथ धोखाधड़ी कर उसे बहकाया और फिरौती के लिए धमकी दी । इस तरह की घटनाओं को लेकर इलाके में स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपित के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।