कोलकाता सिटी

दुर्गापूजा में मंत्री अपना इलाका न छोड़ें : ममता

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : अगले सप्ताह से सबसे बड़े त्योहार दुर्गापूजा की शुरुआत हो रही है। प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों को लेकर तत्पर है। इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी अपने मंत्रियों को पूजा के दौरान अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिये हैं। मंत्रियों से कहा गया है कि दुर्गा पूजा के दौरान वे अपना इलाका न छोड़ें। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर स्थिति पर नजर रखनी होगी। शांति सौहार्द बनी रहे इसका पूरा ख्याल रखना होगा। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अगर कहीं किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत आती है तो स्थानीय पुलिस को सूचित करें। यहां तक कि मंत्रियों को भी किसी तरह की विवादित टिप्णणी से बचना होगा। नवान्न सूत्रों के मुताबिक ये सारे दिशा -निर्देश गुरुवार को हुई कैबिनेट बैठक के दौरान सीएम ने मंत्रियों को दिये हैं। सूत्रों के मुताबिक सीएम ने मंत्रियों से पूजा के दौरान न केवल पार्टी के पैसों से, बल्कि अपनी बचत से भी गरीबों की मदद करने के निर्देश दिये।

अभद्र टिप्पणी से बचें

सूत्रों के मुताबिक सीएम ने मंत्रियों से यह भी कहा कि मीडिया के सामने कुछ भी बोलने से पहले सोचें। अभद्र टिप्पणी करने से बचें। अगर कोई मीडिया के सामने खड़ा होकर अपनी ही पार्टी में से किसी की शिकायत करता है, तो पार्टी और सरकार दोनों की छवि धूमिल होती है। इसे लेकर सीएम ने कड़ी चेतावनी दी है।

क्या - क्या मिला निर्देश

इलाके में रहें मंत्री।

क्षेत्र में शांति बनी रहे, नजर रखें।

अपनी बचत से गरीबों के साथ खड़े रहें।

अहम है यह संदेश

* इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार त्योहारों के दौरान सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

* मंत्रियों को सीधे क्षेत्रों में रहकर निगरानी करने का निर्देश देकर स्थानीय स्तर पर बेहतर नियंत्रण और जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।

* गरीबों की मदद के लिए व्यक्तिगत स्तर पर योगदान करने का आह्वान, सामाजिक सद्भाव और सहानुभूति का परिचायक है।

SCROLL FOR NEXT