कोलकाता : नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल 19 जुलाई को विभिन्न सरकारी विभागों और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ कॉलेज स्ट्रीट का संयुक्त निरीक्षण करेंगी। प्रस्तावित विश्वस्तरीय 'बुक हब' परियोजना को लेकर यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के आधार पर परियोजना के अगले चरण को अंतिम रूप दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को मंत्री ने प्रकाशकों, 'गिल्ड', पुस्तक विक्रेताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें एशिया के सबसे बड़े पुस्तक बाजार कॉलेज स्ट्रीट को न्यूयॉर्क और लंदन के तर्ज पर आधुनिक 'बुक हब' के रूप में विकसित करने की योजना पर विस्तार से चर्चा हुई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रस्तावित परियोजना के तहत आधुनिक पुस्तक स्टॉल, रीडिंग जोन, खुले सार्वजनिक स्थल, पुस्तक लोकार्पण और साहित्यिक आयोजनों के लिए छोटे सभागार विकसित किए जाएंगे।
साथ ही कॉलेज स्ट्रीट की ऐतिहासिक पहचान को बनाए रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल ट्राम सेवा जारी रखने तथा कुछ सड़कों को पैदल यात्रियों के लिए वॉकिंग जोन बनाने पर भी विचार किया गया। बैठक में वर्ष 2006 से लंबित 'वर्णपरिचय' मार्केट परियोजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।
प्रकाशकों ने सरकार से इसे शीघ्र पूरा कराने की मांग करते हुए कहा कि इसके शुरू होने से कॉलेज स्ट्रीट के समग्र विकास को गति मिलेगी। इसके अलावा फुटपाथ कारोबारियों के पुनर्वास पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
योजना है कि उन्हें हटाने के बजाय सुव्यवस्थित स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं, ताकि यातायात और आजीविका दोनों के बीच संतुलन बनाया जा सके। इसी कारण मंत्री ने 19 जुलाई को सभी संबंधित विभागों, पुलिस प्रशासन और अन्य हितधारकों के साथ कॉलेज स्ट्रीट का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने का निर्णय लिया है। इस निरीक्षण के आधार पर परियोजना की अंतिम रूपरेखा तैयार की जाएगी।