कमेटी के सदस्यों ने मोमबत्तियां जलाकर चोर बागान हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति की कामना की
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के सदस्यों ने हाल ही में चोर बागान पूजा मंडप में हुई दु:खद घटना में जान गंवाने वालों की याद में शुक्रवार को मोमबत्तियां जलाकर उनके आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इसके साथ घायलों के जल्द स्वस्थ होकर परिवार के सदस्यों के बीच लौटने की कामना की। शोक संतप्त और घायलों के परिवारों के प्रति सम्मान और एकजुटता की मिसाल पेश करते हुए पूजा कमेटी के सदस्यों ने बिना किसी ढोल-बाजे के पूरी शांति के साथ अपने पूजा मंडप की प्रतिमा का विसर्जन किया।
इस मौके पर पश्चिम बंगाल सरकार के वाणिज्य और उद्योग मंत्री तथा मोहम्मद अली पार्क 'यूथ एसोसिएशन' के अध्यक्ष तापस रॉय, समाज सेवी और 'यूथ एसोसिएशन' के उपाध्यक्ष बिनय दुबे, भाजपा नेता नवीन मिश्रा, मोहम्मद अली पार्क 'यूथ एसोसिएशन' के महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा के साथ मोहम्मद अली पार्क 'यूथ एसोसिएशन' के अन्य सम्मानीय सदस्य व अधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, चोर बागान पूजा मंडप में हुई दु:खद घटना के बाद हमने महसूस किया कि इस हादसे में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना और जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि देना हमारी जिम्मेदारी है। हमने उनकी याद में मोमबत्तियां जलाईं और यूथ एसोसिएशन की दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन बिना ढोल-बाजे के पूरी तरह सादगी और शांति के साथ करने का फैसला किया। इस कदम के जरिए हम शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करना चाहते हैं, साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। ईश्वर, दिवंगत आत्माओं को शांति के साथ अपनी चरणों में स्थान दें, यही कमेटी के सदस्यों की तरफ से हमारी कामना है।