रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : मथुरापुर के तृणमूल सांसद बापी हालदार ने मथुरापुर स्थित गोपीनाथपुर मैदान का दौरा कर आगामी जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आम लोगों की सुविधाओं से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सांसद ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अमित शाह की परिवर्तन यात्रा सभा के विरोध में “मथुरापुर चलो” अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को क्षेत्र के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग सभा में शामिल होंगे। उन्होंने आगे जानकारी दी कि 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी गोपीनाथपुर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से सुनिश्चित की जा रही है। आयोजन समिति की ओर से महिला सुरक्षा और बैठने की अलग व्यवस्था की भी योजना बनाई गई है। सांसद बापी हालदार ने कहा कि यह सभा सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होगी तथा क्षेत्र के विकास, अधिकारों और जनसमस्याओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन भी सभा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटा है।