File Photo 
कोलकाता सिटी

पुलिस में भारी रिक्तियां, सुधार जरूरी : मोस्ताफिजुर

वाम विधायक ने पुलिस ढांचे और अपराध पर जताई चिंता

कोलकाता : बंगाल विधानसभा में गृह एवं पर्वतीय मामलों के विभाग के बजट पर चर्चा के दौरान डोमकल से माकपा विधायक मोस्ताफिजुर रहमान ने राज्य की पुलिस व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और पुलिस बल में रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उन्होंने हाल के कुछ मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, लेकिन कहा कि राज्य में अब भी कई गंभीर चुनौतियां बनी हुई हैं।

उन्होंने दावा किया कि पिछले दो महीनों में सोदपुर, बारुईपुर, मालदा और पश्चिम बर्दवान सहित कई इलाकों में हत्या और महिला उत्पीड़न की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने प्रत्येक थाने में महिला सेल बनाए जाने का स्वागत किया, लेकिन पर्याप्त महिला पुलिस अधिकारियों की नियुक्ति की मांग की।

मोस्ताफिजुर ने कहा कि राज्य में एक लाख से अधिक स्वीकृत पुलिस पदों में से केवल करीब 74 हजार कर्मी कार्यरत हैं, जबकि लगभग 26 हजार पद रिक्त हैं। उनका कहना था कि कर्मियों की कमी के कारण पुलिसकर्मियों को 12 से 14 घंटे तक ड्यूटी करनी पड़ रही है।

उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए मुर्शिदाबाद में हत्या, महिला अपराध और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में वृद्धि का दावा किया तथा हर ब्लॉक में नारकोटिक्स कंट्रोल यूनिट गठित करने की मांग की। साथ ही सीमावर्ती जिलों में अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई और डोमकल क्षेत्र में नया थाना खोलने की भी मांग की।

SCROLL FOR NEXT