सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पीढ़ियों से चली आ रही लोक परंपराओं, आदिवासी अनुष्ठानों और नाट्य कथाओं से रूबरू कराने वाला अंतरराष्ट्रीय अमूर्त सांस्कृतिक विरासत मुखौटा नृत्य महोत्सव-2026 शुक्रवार को कोलकाता में संपन्न हुआ। न्यू टाउन स्थित रवींद्र तीर्थ सभागार में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में भारत, श्रीलंका और दक्षिण कोरिया के कलाकारों ने हिस्सा लिया।
महोत्सव में रंग-बिरंगे मुखौटे और भव्य वेशभूषा पहने कलाकारों की लयबद्ध प्रस्तुतियों के पीछे एक बड़ा संघर्ष छिपा है। यह संघर्ष पारंपरिक कलाकारों और शिल्पकारों का है, जो अनिश्चित आजीविका और युवा पीढ़ी की घटती रुचि के बीच सदियों पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने के लिए जूझ रहे हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से इतर इस महोत्सव का मकसद एक गंभीर सवाल की ओर ध्यान आकर्षित करना भी था कि अगर पीढ़ियों से इन परंपराओं को संजोने वाले समुदायों के लिए ही अपनी कला के जरिये आजीविका चलाना मुश्किल हो रहा है, तो इन परंपराओं को आगे कौन बढ़ाएगा?
‘कोलकाता सोसाइटी फॉर कल्चरल हेरिटेज’ ने यूनेस्को और पश्चिम बंगाल सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा वस्त्र विभाग के सहयोग से इस महोत्सव का आयोजन किया। इसमें पांच विशिष्ट प्रदर्शन कलाओं को एक अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया, जिनमें पश्चिम बंगाल का पुरुलिया छऊ और दिनाजपुर गोमिरा, मध्यप्रदेश का गुडुम बाजा, श्रीलंका का तुक्कावाडु कोलम और दक्षिण कोरिया का हाएसो तलछुम शामिल है।
कलाकारों के लिए ये केवल मनोरंजन के मकसद से मंचित की जाने वाली नृत्य शैलियां नहीं हैं, बल्कि उनकी सामुदायिक स्मृतियों, पौराणिक कथाओं, स्थानीय ज्ञान और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं का भी प्रतिनिधित्व करती हैं।
मुखौटे बनाने वाले कारीगरों के लिए यह कला पीढ़ियों से संचित कौशल को दर्शाती है और उनके समुदायों की आजीविका तथा सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ी हुई है।
पुरुलिया छऊ के विस्तृत मुखौटों से लेकर दिनाजपुर गोमीरा के विशिष्ट लकड़ी के मुखौटों और श्रीलंका तथा दक्षिण कोरिया के नाटकीय मुखौटों तक, इस महोत्सव में उस शिल्प-कौशल का जश्न मनाया गया, जो इन प्रदर्शन परंपराओं का अभिन्न अंग है।
एक प्रतिभागी ने कहा, “फिर भी कला के ऐसे रूपों को बचाए रखने के लिए केवल कभी-कभार होने वाली प्रस्तुतियों और तारीफ से काम नहीं चलेगा। इन परंपराओं को धीरे-धीरे लुप्त होने से बचाने के लिए लगातार समर्थन, आर्थिक अवसर और युवा पीढ़ियों की भागीदारी बहुत जरूरी है।”
महोत्सव में पारंपरिक मुखौटा बनाने वालों, कुशल कारीगरों और वरिष्ठ कलाकारों के योगदान को भी मान्यता दी गई, जिन्होंने अपना पूरा जीवन इन जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने के लिए समर्पित कर दिया।
‘कोलकाता सोसाइटी फॉर कल्चरल हेरिटेज’ के संस्थापक सौरव मुखर्जी ने कहा, “अमूर्त सांस्कृतिक विरासत किसी समुदाय की जीवंत आत्मा होती है। हर पारंपरिक नृत्य शैली, हाथ से बना मुखौटा और लोक प्रदर्शन अपने भीतर सदियों का इतिहास, सामूहिक स्मृति और पारंपरिक ज्ञान समेटे हुए होता है।”
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संरक्षण और आर्थिक सशक्तीकरण साथ-साथ चलने चाहिए।
मुखर्जी ने इस बात पर जोर दिया कि पारंपरिक कलाकारों और कारीगरों को पहचान, आजीविका के टिकाऊ अवसर और नयी पीढ़ी के प्रोत्साहन की जरूरत है, ताकि उनकी कला जीवित और प्रासंगिक बनी रहे।
उन्होंने कहा, “अगर पारंपरिक कलाकारों और कारीगरों को पहचान, आजीविका के टिकाऊ अवसर और नयी पीढ़ी से प्रोत्साहन नहीं मिलता, तो कला के ये अनमोल रूप धीरे-धीरे अपनी प्रासंगिकता खो सकते हैं।”